फर्जी OBC सर्टिफिकेट विवाद: AIMIM पार्षद सहर शेख ने दी सफाई, कहा—‘हमें देश के सिस्टम और कानून पर पूरा भरोसा’
अनादि न्यूज़ डॉट कॉम ‘कैसे हराया… ‘ जीत के बाद इसी तेवर वाले भाषण और ‘मुंबई को हरे रंग में रंग देने’ की बात कहकर चर्चा में आईं AIMIM की युवा नेता सहर शेख अब मुसीबतों में घिर गईं हैं. ठाणे महानगर पालिका के वार्ड नंबर 30 से पार्षद चुनी गईं सहर शेख पर चुनाव के दौरान फर्जी OBC सर्टिफिकेट इस्तेमाल करने का आरोप लगा है. लगातार बढ़ते विवाद के बीच सहर शेख ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है और कहा है कि, उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.
सहर शेख ने कहा कि पिछले 5-6 दिनों में जिस तरह से खबरें चल रही हैं, उसने उन्हें व्यक्तिगत तौर पर झकझोर दिया. उन्होंने कहा कि मुझे फरार बताया गया, नॉट रीचेबल कहा गया, जबकि मैं लगातार ग्राउंड पर काम कर रही थी. उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब आप एसआईआर का काम कर रहे हो, अस्पतालों में जाकर लोगों का हाल जान रहे हो, उस वक्त मीडिया में इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं. उनका कहना है कि शुरुआत में उन्होंने जानबूझकर मीडिया से दूरी बनाई ताकि वे पहले कानूनी प्रक्रिया को समझ सकें और उसी के तहत जवाब दें.
आरोपों पर सहर शेख ने दी सफाई
उन्होंने आगे कहा कि आगे की लड़ाई कोर्ट में चल रही है. जिन लोगों ने मेरे खिलाफ आरोप लगाए हैं उन्हें मैं कोर्ट में देखूंगी. उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों ने मेरे पिता को महाराष्ट्र का रहवासी साबित करने के कोशिश की है उन्हें भी मैं कोर्ट में देखूंगी. तहसीलदार को भी हम कोर्ट में देखेंगे. उन्होंने हमारे खिलाफ एक तरफा रिपोर्ट पास की है. उनको भी हमने कानूनी तौर पर नोटिस भेजा है.
कई लोगों के खिलाफ मानहानि का नोटिस
सहर शेख ने बताया कि कुछ लोग और कई सोशल मीडिया अकाउंट्स को कानूनी तौर पर मानहानी का नोटिस भेजा है. इन लोगों के जरिए कुछ ऐसी सामग्री चलाई गई जिस पर मेरे फोटो का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने कहा कि यह साफतौर पर पॉलिटिकल प्रोपगेंडा है. लोगों को हार बर्दाश्त नहीं हो रही है. इन लोगों को कानूनी तौर पर जवाब दिया जाएगा.
बता दें कि इस मामले में फराह सिद्दीकी, शबाब अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी. AIMIM की कॉर्पोरेटर सहर शेख पर सरकारी एजेंसियों को गुमराह करने का आरोप लगा है. यह खुलासा हुआ है कि उन्होंने अधिकारियों को गुमराह करके महाराष्ट्र में एक फर्जी जाति प्रमाण पत्र हासिल किया था.






