हाई स्कूल तरसीवां में मुफ्त साइकिल वितरण।

अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, धमतरी: शासकीय हाई स्कूल तरसीवां में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं।
कार्यक्रम में रंजना साहू ने छात्राओं से कहा कि बेटियाँ आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और शिक्षा उनकी सफलता की कुंजी है। साइकिल सिर्फ एक साधन नहीं, बल्कि सपनों तक पहुंचने का कदम है। यह योजना बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने छात्राओं से इस सुविधा का पूरा लाभ उठाकर समर्पण और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बालिकाओं की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी बालिका संसाधनों की कमी के कारण पढ़ाई से वंचित न हो। मुख्य अतिथि ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अभिभावकों से बेटियों को आगे बढ़ाने में सहयोग देने का आग्रह किया। कार्यक्रम में शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी झलक उठी और विद्यालय प्रशासन ने सरकार की इस पहल की सराहना की।





