असम विधानसभा चुनाव सिंगल फेज में संभव; अप्रैल के पहले हफ्ते में वोटिंग, BJP-कांग्रेस ने EC से बिहू के आसपास तारीख की अपील
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को समाप्त हो रहा है। राज्य में 10 साल से CM हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है। पार्टी तीसरी बार जीत का दावा कर रही है। भाजपा ने इस बार 126 में से 100+ सीटें जीतने का टारगेट रखा है। पीएम मोदी 6 महीने में 4 बार राज्य का दौरा कर चुके हैं। भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस ने 10 पार्टियों के साथ गठबंधन किया है। इसमें वामपंथी और क्षेत्रीय दल शामिल हैं।
असम में तीन दिन के दौर पर है चुनाव आयोग
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अगुवाई में चुनाव आयोग की टीम तीन दिवसीय असम दौरे पर है। उनके साथ चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी गए हैं। आज राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक में तीनों चुनाव आयुक्त के साथ असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल भी शामिल रहे।
राष्ट्रीय दलों में आम आदमी पार्टी, भाजपा, सीपीएम और कांग्रेस ने आयोग से मुलाकात की। वहीं, राज्य स्तरीय दलों में एआईयूडीएफ, असम गण परिषद, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल ने आयोग से अलग-अलग बैठक की।
मुख्य चुनाव आयुक्त राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी और अन्य सीनियर अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्त 18 फरवरी को दौरे के अंतिम दिन मीडिया को संबोधित करेंगे।






