आदिवासी विधवा महिला से 3 दरिंदों ने किया गैंगरेप, 2 आरोपी गिरफ्तार… ग्राम समिति ने 40-40 हजार लेकर दबाया था मामला

यह है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार घटना 22 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे की है। पीड़िता ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि गांव करहीभदर के रहने वाले विकास सिन्हा, रोशन कुमार साहू और कमल कुमार सेन उसे रात करीब 9 बजे जबरन उठाकर ले गए। इसके बाद उसे सुनसान जगह पर ले जाकर रात 12 बजे तक जबरदस्ती सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता के साथ अश्लील गाली-गलौज की और किसी को बताने पर कोई विश्वास नहीं करेगा कहकर धमकाया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की, जिससे उसे चोटें आईं।
पीड़िता की शिकायत के बाद बालोद थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के निर्देशन और एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास सिन्हा (26 वर्ष) और कमल कुमार सेन (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने घटना को स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को 14 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ग्राम समिति में बैठक कर दबाया था मामला
पूरे मामले में पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना को लेकर ग्राम समिति में बैठक की थी और आरोपियों से 40-40 हजार रुपये अर्थदंड लेकर मामले को दबा दिया था, लेकिन महिला को लगा कि उसे न्याय नहीं मिला। इसके बाद वह बालोद थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। जिसके बाद बालोद पुलिस ने तीन लोगों के ऊपर सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। साथ ही ग्राम समिति में जो लोग बैठक कर आरोपियों को बचाने के लिए पैसा लेकर मामले को रफा-दफा किया, उन दर्जन भर से अधिक ग्रामीणों के ऊपर भी मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।






