अनादि न्यूज़

सबसे आगे सबसे तेज

छत्तीसगढ़ जानिए स्वास्थ्य

इलाज में लापरवाही के आरोप पर उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में हंगामा

उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल पर गंभीर आरोप : मरीज के परिजनों का प्रदर्शन, कहा – इलाज के नाम पर हुई हत्या, 25 लाख लूटे गए

अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, रायपुर। शहर के उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल पर एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हैं। मृतक मरीज राम चरण वर्मा के बेटे राजकुमार वर्मा ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और अवैध वसूली का आरोप लगाया है।

राजकुमार वर्मा ने कहा कि उनके पिता पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में तीन बार ऑपरेशन किया गया। पहले ऑपरेशन को सफल नहीं बताया गया और अंदर लीकेज होने की बात कही गई। इसके बाद दोबारा ऑपरेशन किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बाद में गले का भी ऑपरेशन किया गया।

परिजनों का कहना है कि इलाज के दौरान आयुष्मान कार्ड से 2,71,000 रुपये की राशि ली गई। इसके अलावा मेडिकल स्टोर से दवाइयों के नाम पर 15 लाख रुपये से अधिक का बिल बनाया गया, जिसमें से 10 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। 3 लाख रुपये के टेस्ट, ब्लड और अन्य जांच के नाम पर अलग से बिल दिए गए। आरोप है कि ऑपरेशन के नाम पर 5 लाख रुपये से अधिक नगद भी लिया गया और अब 5 लाख रुपये और मांगे जा रहे हैं।

राजकुमार वर्मा ने कहा, मेरे पिताजी की मौत नहीं, हत्या हुई है। इलाज के नाम पर गोरखधंधा चल रहा है। आयुष्मान योजना में पैसा नहीं लगता, फिर भी लाखों रुपये वसूले जा रहे हैं। मैं पहले भी सरकार से गुहार लगा चुका हूं कि मेरे पिता के साथ गलत इलाज हो रहा है, लेकिन अब तक सिर्फ जांच की बात कही जा रही है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है। इस मामले में प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।

See also  क्या होता है जब आप खा लेते हैं एक्सपायर हो चुकी दवा जानिए...