अनादि न्यूज़

सबसे आगे सबसे तेज

देश विदेश

कर्ज में फंसे किसान दंपति ने खुदखुशी की, बच्चों को भावुक संदेश छोड़ा।

कर्ज में डूबे किसान दंपति ने की खुदखुशी : पहले पत्नी ने कुएं में कूदकर दी जान, अगले दिन पति ने भी लगाई फांसी ; बच्चों से माफ़ी मांगते हुए छोड़ा भावुक संदेश

अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से दुखद खबर सामने आई है। कर्ज में दबे एक किसान दंपति ने एक दिन के अंतराल में खुदखुशी कर ली। पत्नी ने पहले कुएं में कूदकर जान दी, अगले दिन पति ने उसी जगह फांसी लगाई। उन्होंने बच्चों के लिए भावुक संदेश भी छोड़ा।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना छत्रपति संभाजीनगर के फुलंब्री तालुका के आलंद क्षेत्र के पिंपरी शिवार गांव की है। खेती के कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान दंपत्ति ने एक दिन के अंतराल में आत्महत्या की। शुक्रवार को 38 वर्षीय रमाबाई विलास जमधडे ने कुएं में कूदकर जान दी, जबकि अगले दिन उनके पति विलास जमधडे ने उसी जगह पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या की।

बच्चों के लिए छोड़ा भावुक संदेश

आत्महत्या करने से पहले विलास ने एक वॉट्सएप ग्रुप पर अपने बच्चों से माफी मांगते हुए उनके लिए भावुक संदेश लिखा। संदेश में विलास ने कहा कि उनकी पत्नी ने भी कर्ज के बोझ से आत्महत्या कर ली और अब वह भी इस बोझ को सहन नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने अपने बच्चों से माफी मांगते हुए उनकी पढ़ाई पूरी करने की अंतिम इच्छा जताई।

गांव के लोग संदेश पढ़कर भावुक

आत्महत्या की इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पति-पत्नी की मौत से उनके दो छोटे बच्चों- सुमित और अमित का भविष्य अंधकार में डूब गया है। गांव के लोग इस संदेश को पढ़कर भावुक हो गए हैं और अब एक बार फिर से किसानों की आत्महत्याओं को रोकने के लिए ठोस सरकारी कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।

See also  मौसम चेतावनी: भारी बारिश के कारण राज्यों में ऑरेंज अलर्ट