सुरक्षा पर सवाल… बस स्टैंड पर बिना आई कार्ड वाले कर्मचारी रोक रहे यात्रियों को, केवल निर्देश तक सीमित है विभाग, अब तक किसी पर कार्रवाई नहीं
अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, रायपुर। शहर के भाठागांव बस स्टैंड पर बिना आईडी यात्रियों के साथ टिकट की डील करने वाले कर्मचारियों पर लगातार सख्ती की जा रही है। लेकिन इसके बाद भी बस स्टैंड पर काम करने वाले कर्मचारी बिना आईडी के ही बस स्टैंड पर काम कर रहे हैं। इनकी आड़ में अवैध कर्मचारी भी बड़ी संख्या में बस स्टैंड में सक्रिय हैं। अब इन पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार नियमों का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों की जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि अब नियमों का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों पर वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकती है।
रायपुर के बस स्टैंड पर अवैध कर्मचारियों की शिकायत लगातार मिल रही है। ऐसे कर्मचारी ऑटो से बस स्टैंड पहुंचने वाले यात्रियों को दौड़ कर उतार लेते हैं। इसके बाद उन पर जबरदस्ती टिकट लेने का दबाव बनाते हैं। टिकट नहीं लेने वाले यात्रियों से ये कर्मचारी दुर्व्यवहार और गाली-गलौज तक करते हैं। इन कर्मचारियों के प्रति टिकट के हिसाब से बस मालिकों की ओर से कमीशन मिलता है। इस चक्कर में ये सभी कर्मचारी ज्यादा से ज्यादा टिकट बेचने के लिए इस तरह के कृत्य करते हैं। इन पर लगाम लगाने के लिए विभाग ने आई कार्ड जारी किया है, लेकिन ज्यादातर कर्मचारी इसका पालन नहीं कर रहे हैं।