अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, Hockey Asia Cup 2025: हॉकी एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में भारतीय टीम ने मलेशिया को 4-1 से हरा दिया है। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की बिना हार के यह चौथी जीत है। इससे पहले दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैच ड्रॉ रहा था। उससे पहले टीम इंडिया ने लगातार 3 मैच जीतकर सुपर-4 में अपनी जगह पक्की की थी। अब भारतीय टीम अगला मैच जीतकर फाइनल का टिकट पक्का करना चाहेगी। आपको बता दें कि सुपर-4 में सभी टीमें आपस में भिड़ेंगी। इसके बाद शीर्ष-2 दो टीमें हॉकी एशिया कप का फाइनल खेलेंगी।
भारत ने दूसरे क्वार्टर में 3-1 की बढ़त बना ली थी:
हॉकी एशिया कप बिहार के राजगीर में खेला जा रहा है। इस मैच के पहले क्वार्टर के दूसरे मिनट में ही मलेशिया ने भारत के खिलाफ गोल कर दिया। इसके बाद भारत को 3 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन मलेशियाई टीम ने दमदार डिफेंस दिखाते हुए भारत को गोल करने से रोक दिया, लेकिन इसके बाद भारत ने दूसरे क्वार्टर में 3 गोल दागकर मैच में मजबूत पकड़ बना ली। दूसरे क्वार्टर के दूसरे मिनट में भारत ने गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। भारत के मनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर यह गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। सुखजीत ने भारत के लिए दूसरा गोल किया। इसके बाद, भारत ने तीसरा गोल करके दूसरे क्वार्टर में 3-1 की बढ़त बना ली।
भारत ने तीसरे क्वार्टर में 4-1 की बढ़त बना ली थी:
दूसरे क्वार्टर में दमदार प्रदर्शन के बाद, भारतीय हॉकी टीम ने तीसरे क्वार्टर में भी अपना दबदबा बनाए रखा। तीसरे क्वार्टर में भारत ने एक और गोल करके मैच में अपनी जीत सुनिश्चित कर ली। अंत तक भारत ने मलेशिया को वापसी का मौका नहीं दिया और बढ़त बनाए रखी। इसके बाद भारतीय टीम ने मैच 4-1 से जीत लिया। अब टीम इंडिया सुपर-4 में अपना अगला मैच रविवार को खेलेगी।