अनादि न्यूज़

सबसे आगे सबसे तेज

खेल

मुंबई ने गुजरात को 20 रनों से हराया, अब पंजाब से करेगी मुकाबला

अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने गुजरात टाइटन्स (GT) को 20 रनों से हरा दिया. 30 मई (शुक्रवार) को मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले में मुंबई ने गुजरात को जीत के लिए 229 रनों का टारगेट दिया था. जिसका पीछा करते हुए गुजरात की टीम 20 ओवरों में 6 विकेट पर 208 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस क्वालिफायर-2 में पहुंच गई, जहां उसका मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) से होगा. वहीं गुजरात टाइटन्स टूर्नामेंट से आउट हो गई. क्वालिफायर-2 मुकाबला 1 जून को अहमदाबाद में खेला जाना है. क्वालिफायर-2 मुकाबले की विजेता का फाइनल में सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से 3 जून को होगा.

टारगेट का पीछा करते हुए गुजरात टाइटन्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले ही ओवर में कप्तान शुभंमन गिल (1) का विकेट गंवा दिया. शुभमन तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए. इसके बाद साई सुदर्शन और कुसल मेंडिस ने 64 रनों की साझेदारी करके पारी को संभाला. कुसल मेंडिस 20 रन बनाकर मिचेल सेंटनर की बॉल पर हिटविकेट आउट हुए. यहां से साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर के बीच तीसरे विकेट के लिए 84 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने गुजरात टाइटन्स को मैच में वापस ला खड़ा किया. सुंदर-सुदर्शन की पार्टनरशिप को जसप्रीत बुमराह ने तोड़ा. वॉशिंगटन सुंदर 48 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर बोल्ड हुए. सुंदर ने 24 गेंदों की पारी में 5 चौके और तीन छक्के लगाए.

See also  मुंबई में ऋषभ पंत के घुटने की सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हुई

यहां से साई सुदर्शन पर बड़ी जिम्मेदारी थी, लेकिन वो तेज गेंदबाज रिचर्ड ग्लीसन की गेंद पर बोल्ड हो गए. सुदर्शन ने 10 चौके और एक सिक्स की मदद से 49 गेंदों पर 80 रन बनाए. सुदर्शन के आउट होने के समय गुजरात का स्कोर 15.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 170 रन था. ‘इम्पैक्ट सब’ के तौर पर उतरे शेरफेन रदरफोर्ड (24) ने कुछ बड़े शॉट्स खेले, लेकिन ट्रेंट बोल्ट ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर उन्हें पवेलियन लौटा दिया. यहां से गुजरात टाइटन्स की जीत मुश्किल हो गई. आखिरी ओवर में गुजरात टाइटन्स को जीत के लिए 24 रन बनाने थे, लेकिन ‘इम्पैक्ट सब’ अश्विनी कुमार ने उस ओवर में सिर्फ 3 रन दिए और शाहरुख खान (13 रन) का विकेट भी झटका.