अनादि न्यूज़

सबसे आगे सबसे तेज

देश

रावण वाले बयान पर बोले PM MODI- कांग्रेस में होड़ मची है कि कौन मोदी को ज्यादा गाली दे

PM Modi Statement on Kharge’s Ravan comment: गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को कलोल, पंचमहल प्रचार करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के रावण वाले बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। पीएम ने कलोल की रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं खड़गे जी का सम्मान करता हूं। वे वही कहेंगे जो कहने के लिए कहा गया है। कांग्रेस पार्टी को नहीं पता कि यह राम भक्तों का गुजरात है। रामभक्तों की भूमि पर उन्हें मोदी को 100 सिर वाला रावण कहने के लिए कहा गया।

‘कांग्रेस ने कभी राम में विश्वास नहीं किया’

जनसभा में पीएम मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘रावण’ वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी के अंदर इस बात को लेकर होड़ चल रही है कि मोदी को कौन ज्यादा गाली दे सकता है। हम जानते हैं कि कांग्रेस भगवान राम के अस्तित्व को स्वीकार नहीं करती, अयोध्या के राम मंदिर को नहीं मानती। उन्हें राम सेतु से भी दिक्कत है। अब यह कांग्रेस पार्टी मेरे बारे में अपशब्द कहने के लिए रामायण से रावण लेकर आई है।

‘परिवार उनके लिए सब कुछ है, लोकतंत्र नहीं’

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “मुझे इस बात पर आश्चर्य नहीं है कि कांग्रेस मेरे बारे में बुरी बातें कह रही है। मैं हैरान हूं कि इतनी बुरी बातें कहने के बाद भी न तो कांग्रेस पार्टी को और न ही उसके नेताओं को कभी इसका पछतावा या दुख हुआ है। इस देश के मोदी के बारे में बुरा बोलना उन्हें अपना अधिकार लगता है। अगर वे लोकतंत्र में विश्वास करते तो इस स्तर तक कभी नहीं जाते। वे एक परिवार में विश्वास करते हैं न कि लोकतंत्र में। वे उस एक परिवार को खुश करने के लिए कुछ भी कर सकते हैं और वह परिवार उनके लिए सब कुछ है, लोकतंत्र नहीं।

See also  राष्ट्रपति ने सिविल प्रक्रिया संहिता विधेयक पर हस्ताक्षर किए: सिविल विवादों का निपटारा 2 महीने में होगा

‘कांग्रेस में होड़ कौन मोदी के लिए ज्यादा अपशब्द कहे’

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में इस बात की होड़ है कि कौन मोदी के लिए ज्यादा अपशब्द कहे…हमें उन्हें सबक सिखाना है और तरीका है 5वें (गुजरात चुनाव के दूसरे चरण) में “कमल” को वोट देना। अपने बयान में पीए मोदी ने कहा कि कोई रावण कह रहा, कोई राक्षस कह रहा, गुजरात के लोगों के प्रति इतनी नफरत, इतना अपमान। पीएम ने जनता से पूछा, ये मोदी का अपमान, आपका अपमान है या नहीं? कांग्रेस के लोगों को सुधारना पड़ेगा या नहीं। 5 तारीख को कमल का बटन दबाओ, कांग्रेस के लोग सुधर जाएंगे।