अनादि न्यूज़

सबसे आगे सबसे तेज

व्यापार

रिपोर्ट: वित्त वर्ष 2026 में भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 6.7% रहने का अनुमान।

भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर वित्त वर्ष 26 में 6.7 प्रतिशत रहने का अनुमान : रिपोर्ट

अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, नई दिल्ली: ग्लोबल प्रोफेशनल सर्विस फर्म ईवाई ने सोमवार को कहा कि मजबूत जीएसटी 2.0 सुधारों को देखते हुए भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर के अनुमान को बढ़ाकर 6.7 प्रतिशत कर दिया गया है, जो कि पहले 6.5 प्रतिशत था।

ईवाई की इकोनॉमी वॉच के सितंबर एडिशन के मुताबिक, मौद्रिक नीति में ढील और जीएसटी सुधार से घरेलू मांग मजबूत होने की उम्मीद है। फर्म का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 में भारत की वार्षिक वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 6.7% रहेगी, जबकि पहली तिमाही में यह 7.8% रही। वैश्विक चुनौतियों का निर्यात पर असर होने के बावजूद घरेलू मांग बढ़ने की संभावना है।

ईवाई इंडिया के मुख्य नीति सलाहकार डी.के. श्रीवास्तव ने कहा कि जीएसटी सुधारों से डिस्पोजेबल इनकम और घरेलू मांग बढ़ी है, और व्यापार में विविधता से नए अवसर खुले हैं, जिससे भारत वित्त वर्ष 2026 में अपनी वृद्धि बनाए रखने में सक्षम है। उन्होंने बताया कि टेक्नोलॉजी में रणनीतिक निवेश और लक्षित नीतिगत उपाय सुधारों को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ में बदलने में अहम होंगे। अगस्त 2025 में मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई 59.3 पर पहुंच गया, जो फरवरी 2008 के बाद सबसे अधिक है, जबकि सेवा क्षेत्र का पीएमआई 62.9 पर पहुंचा, जो जून 2010 के बाद सबसे ऊंचा है।

आईआईपी की समग्र वृद्धि दर जून 2025 के 1.5% से बढ़कर जुलाई 2025 में 3.5% हो गई, मुख्य रूप से मैन्युफैक्चरिंग उत्पादन में सुधार के कारण। रिपोर्ट में बताया गया कि जुलाई 2025 में 1.6% रही सीपीआई मुद्रास्फीति अगस्त 2025 में 2.1% तक बढ़ गई, जबकि कोर सीपीआई मुद्रास्फीति इसी दौरान 4.2% से 4.3% हो गई।