अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, लखीसराय। सावन के चौथे (अंतिम) सोमवारी के अवसर पर लखीसराय जिला के विभिन्न शिवालयों पर शिव भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। लखीसराय के अशोक धाम, श्रृंगी ऋषि धाम, रामेश्वर धाम एवं अन्य शिवालयों में जलाभिषेक हेतु शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी । अशोक धाम स्थित इंद्रदमनेश्वर महादेव शिव मंदिर में आज लगभग 3.75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के द्वारा जलाभिषेक किया गया। जलाभिषेक का यह कार्यक्रम मंदिर के पट खुलते ही शुरू हुआ। अशोक धाम में जलाभिषेक देर शाम तक लगातार चलता रहा।
चौथे एवं अंतिम सोमवारी के अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिहार, विजय कुमार सिन्हा एवं जिला पदाधिकारी, मिथिलेश मिश्र द्वारा भी सुप्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में महादेव शिव का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन के द्वारा अशोक धाम मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे गए । लगभग 60 से अधिक दंडाधिकारी एवं 300 से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन द्वारा आज चौथे सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं को असुविधा ना हो इसके लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।





