अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, रायपुर। शुभांशु का शुभागमन हो गया है, सीएम साय ने अनोखे अंदाज में बधाई दी और कहा, Axiom-4 मिशन की ऐतिहासिक सफलता और सुरक्षित वापसी पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला जी व उनके साथी अंतरिक्ष यात्रियों को हार्दिक बधाई।
अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में शुभांशु शुक्ला की यह उपलब्धि, गगनयान मिशन की ओर बढ़ते भारत के आत्मनिर्भर और वैज्ञानिक कदमों का प्रतीक है। शुभांशु की यह उपलब्धि देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा है और उनके सपनों को एक नई उड़ान देने वाली है। पुनः समस्त छत्तीसगढ़वासियों की ओर से ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला जी का हार्दिक अभिनंदन।
राज्यपाल रमेन डेका ने भारत के सुपुत्र शुभांशु शुक्ला के 18 दिन अंतरिक्ष में रहने के बाद ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से अमरीका के कैलिफ़ोर्निया में सफल लैंडिंग पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी है। शुक्ला ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप अपना नाम दर्ज कराया है।
उन्होंने ने कहा कि शुभांशु शुक्ला की यह यात्रा सिर्फ एक मिशन नहीं, बल्कि भारत की नई अंतरिक्ष पहचान का प्रतीक है। वे न केवल आईएसएस जाने वाले पहले भारतीय बने, बल्कि उन्होंने यह दिखा दिया कि भारत अब अंतरिक्ष अन्वेषण की अग्रणी दौड़ में शामिल हो चुका है। 1984 के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले भारत के दूसरे एस्ट्रोनाट श्री शुभांशु शुक्ला ने मिशन के दौरान 60 से ज्यादा वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लिया।