अनादि न्यूज़

सबसे आगे सबसे तेज

अपराध छत्तीसगढ़ देश प्रदेश प्रशासन

11 राज्यों में 3.37 करोड़ की साइबर ठगी से जुड़े म्यूल खाते का खुलासा, भानुप्रतापपुर में दो आरोपी गिरफ्तार

अनादि न्यूज़ डॉट कॉम,भानुप्रतापपुर।भानुप्रतापपुर साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल हो रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भानुप्रतापपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों से जुड़े बैंक खाते के खिलाफ देश के 11 राज्यों में 3 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपए की साइबर ठगी से संबंधित 11 शिकायतें दर्ज हैं। वहीं, खाते में मौजूद 67 हजार 850 रुपए की राशि होल्ड कराई गई है।

पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते की जांच की गई। जांच में पता चला कि खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था।

इस मामले में पुलिस ने अखिलेश्वर जैन (25), निवासी उत्तामारा और सतीश कुमार उसेण्डी (26), निवासी जेपरा, थाना दुर्गूकोंदल को गिरफ्तार किया है। जांच में बिहार, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना सहित 11 राज्यों से शिकायतें सामने आईं। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देशन, एसडीओपी शेरबहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इसमें प्रशिक्षु उप निरीक्षक फलित राम और आरक्षक राजकुमार यादव की भी भूमिका रही।

See also  CM मोहन यादव निवेश के लिए इंग्लैंड और जर्मनी जाएंगे