अनादि न्यूज़

सबसे आगे सबसे तेज

देश

प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया

अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपने दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे। पटना हवाई अड्डा पहुंचने के बाद उन्होंने नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैयार हुआ यह नया टर्मिनल आधुनिक तकनीक और सुख-सुविधा से लैस है। अत्याधुनिक तकनीकों और यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखकर इसे तैयार किया गया है।

इस नए टर्मिनल को तैयार करने में कुल 1,200 करोड़ रुपए की लागत आई है। इसका निर्माण एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा किया गया है। बताया गया कि इस टर्मिनल से आने वाले वर्षों में एक करोड़ लोग सालाना सफर करेंगे।

टर्मिनल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इसकी पूरी जानकारी ली। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी साथ थे। प्रधानमंत्री मोदी इसके बाद पटना में एक रोड शो में शामिल हुए।रोड शो के लिए खास तैयारियां की गई। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच विशेष थीम वाला स्टेज बनाया गया, जिसमें ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ब्रह्मोस मिसाइल की अनोखी झलक दिखाई दे रही है।

वह भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके पहले प्रधानमंत्री का पटना हवाई अड्डे पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और बिहार के मंत्री सहित एनडीए के तमाम नेताओं ने स्वागत किया।

शुक्रवार को प्रधानमंत्री रोहतास के विक्रमगंज जाएंगे, जहां वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। उनके आगमन को लेकर एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खास उत्साह है।

 

See also  ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथोनी अल्बनीज 8 से 11 मार्च तक भारत दौरे पर आएंगे