अनादि न्यूज़

सबसे आगे सबसे तेज

मध्यप्रदेश

कमरे में घुसकर महिला ट्रैफिक SI से छेड़छाड़, बेल्ट से मारपीट कर 12 हजार लूटे

अनादि न्यूज़ डॉट कॉम , शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में परिवहन विभाग के सिकंदरा बैरियर पर महिला टीएसआई के कमरे में घुसकर लोकल बदमाशों ने अभद्रता की, बेल्टों से पीटा और 12 हजार रुपये लूट ले गए। घटना के 12 घंटे बाद  8 नामजद व 2 अज्ञात बदमाशों पर लूट, छेड़छाड़ व मारपीट का प्रकरण दर्ज हुआ। बताया जा रहा है कि लोकल बदमाशों को दिनारा थाना पुलिस का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते  मुश्किल एफआईआर दर्ज हो सकी है। हालांकि घटना का कारण क्या रहा है यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

जिले के दिनारा थाना अंतर्गत सिकंदरा परिवहन चेक पोस्ट पर बीती रात एक सनसनीखेज घटना को लोकल बदमाशों ने अंजाम दिया है। बदमाश चेक पोस्ट प्रभारी महिला टीएसआई (परिवहन सब इंस्पेक्टर) के कमरे में घुस गए और उनके साथ पहले अभद्रता और छेड़छाड़ की और फिर बेल्टों से मारपीट करते हुए धमकाया। इतना ही नहीं बदमाश कमरे में रखे 12 हजार रुपए नकद, पीओएस मशीन व सीसीटीवी कैमरो का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। जाते-जाते कमरे में रखी टीवी में भी लात मारकर तोड़ दिया। बदमाशों ने स्टाफ के साथ भी मारपीट की है।
बड़ी बात यह है कि जब मामला जिला परिवहन अधिकारी के साथ कलेक्टर व एसपी के संज्ञान में आया तब जाकर  12 घंटे बाद गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे बदमाशों पर मामला दर्ज किया गया है। चैक पोस्ट प्रभारी की शिकायत पर 8 नाम दर्ज व दो अज्ञात बदमाशों पर लूट, छेड़छाड़ व मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित महिला सब इंस्पेक्टर की शिकायत पर राजगुरू उर्फ छोटू यादव, सोना यादव, महेन्द्र यादव, सहदेव यादव, अनिल उर्फ बल्लू यादव, विक्की केवट, भईइन झा व कुंदन यादव सहित दो अज्ञात बदमाशों पर लूट, छेड़छाड़, मारपीट व शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने इन आरोपियों से दो को राउंड अप भी कर लिया हैं। बड़ी बात यह है कि एफआईआर में घटना के कारण का स्पष्ट उल्लेख नहीं हैं।

See also  नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को मिली सफलता