बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 से अधिक चाकूबाजो के ठिकानों पर दबिश
अनादि न्यूज़ डॉट कॉम,बिलासपुर। जिले में बढ़ते अपराध और चाकूबाजी की घटनाओं पर नियंत्रण लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में आदतन चाकूबाज, नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों और अन्य अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग और रेड कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 50 से अधिक आदतन चाकूबाज और नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों के संभावित ठिकानों एवं निवास स्थानों पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की और क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की जानकारी जुटाई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर रोक लगाना है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने आदतन अपराधियों से उनके क्षेत्र में हथियार लेकर घूमने वाले लोगों, नशे के अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी ली। चेकिंग के दौरान पुलिस ने आदतन अपराधियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहें। पुलिस ने उन्हें अपराध में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
बिलासपुर पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस द्वारा चाकूबाज अपराधियों, नशे के कारोबारियों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई केवल जांच तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जाएगी। पुलिस टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को अपने क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति हथियार लेकर घूमता दिखाई देता है, नशे का अवैध कारोबार संचालित होने की जानकारी मिलती है या कोई अन्य आपराधिक गतिविधि नजर आती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही अपराध और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बिलासपुर पुलिस का यह अभियान जिले में अपराधियों के बीच सख्त संदेश देने के साथ ही आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य है कि जिले में कानून व्यवस्था बेहतर बनी रहे और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।





