आज 21 नए केंद्रीय विद्यालय देश को मिल रहे हैं, जानें यूपी-बिहार समेत किस राज्य को मिले कितने स्कूल…
आज देश को 21 नए केंद्रीय विद्यालय मिलने जा रहे हैं। ये सभी केंद्रीय विद्यालय देश के अलग-अलग राज्यों के अलग-अलग जिलों में शुरू हो रहे हैं। आज, 11 अक्तूबर 2019 को इनमें से 15 केंद्रीय विद्यालयों के नए भवना का उद्घाटन किया जा रहा है और 6 नए केंद्रीय विद्यालयों का शिलान्यास किया जाने वाला है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक (HRD Minister Ramesh Pokhariyal Nishank) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ये सभी उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। ये सभी नए केंद्रीय विद्यालय देश के कुल 13 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में खोले गए हैं। कौन सा केंद्रीय विद्यालय किस राज्य के किस जिले में शुरू हो रहा है, इसकी पूरी सूची हम आपको आगे दे रहे हैं। केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS – Kendriya Vidyalaya Sangathan) द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पहली बार इतनी बड़ी संख्या में केंद्रीय विद्यालयों के नए भवनों का एक साथ उद्घाटन किया जा रहा है। ये नए स्कूल खुलने से 22 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। ये भवन करीब 398 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए हैं।
15 केंद्रीय विद्यालय जिनके नए भवन का उद्घाटन हो रहा है
| केंद्रीय विद्यालय | जिला | राज्य / केंद्रशासित प्रदेश |
| केवी गोलाघाट | गोलाघाट | असम |
| केवी हफलॉन्ग | दीमा हसओ | असम |
| केवी तामुलपुर | बाक्सा | असम |
| केवी अररिया | अररिया | बिहार |
| केवी जैतपुर | राजकोट | गुजरात |
| केवी विरामगांव | अहमदाबाद | गुजरात |
| केवी करगिल | करगिल | लद्दाख |
| केवी कोदागू | कोदागू | कर्नाटक |
| केवी नं-2 सतना | सतना | मध्यप्रदेश |
| केवी शिवपुर | शिवपुर | मध्यप्रदेश |
| केबी बैतूल | बैतूल | मध्यप्रदेश |
| केवी संबलपुर | संबलपुर | ओडिशा |
| केवी शिवगढ़ | रायबरेली | उत्तर प्रदेश |
| केवी पेरांबलूर | पेरांबलूर | तमिलनाडू |
| केवी मिर्यालगुडा | नालगोंडा | तेलंगाना |
वो 6 केंद्रीय विद्यालय जिनका शिलान्यास हो रहा है
| केंद्रीय विद्यालय | जिला | राज्य |
| केवी लॉन्गडिंग | लॉन्गडिंग | अरुणाचल प्रदेश |
| केवी कावर्धा | कबीरधाम | छत्तीसगढ़ |
| केवी गिरिडीह | गिरिडीह | झारखंड |
| केवी चेन्नपटना | रामनगर | कर्नाटक |
| केवी जगतसिंघपुर | जगतसिंघपुर | ओडिशा |
| केवी निजामाबाद | निजामाबाद | तेलंगाना |
बता दें कि इस समय देश भर में कुल 1,225 केंद्रीय विद्यालय हैं, जिनमें करीब 12,92,767 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। सभी केंद्रीय विद्यालयों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) पाठ्यक्रम चलाया जाता है।





