अनादि न्यूज़

सबसे आगे सबसे तेज

छत्तीसगढ़

रायपुर: 14 जगहों पर लगेंगे ऑटोमेटिक सिंगल चौक-चौराहों और सड़कों पर होगी मार्किंग

अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, रायपुर। रायपुर शहर में सड़क और यातायात को नियंत्रित कर सुरक्षित आवागमन के लिए आज जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में गहन विचार विमर्श किया गया। बैठक में लोकसभा सांसद सुनील सोनी सहित कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर भुरे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल भी शामिल हुए। बैठक में रायपुर में सात अति दुर्घटनाजन्य जगहों पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए किए जाने वाले उपायों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में रिंग रोड नं 1 पर पचपड़ी नाका, कुशालपुर और रायपुरा फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड और सड़क किनारे लगे हाई टेंशन बिजली के खंबों को हटाकर सर्विस रोड को चौड़ी करने का काम तेजी से शुरू कराने पर भी चर्चा की गई। रायपुर जिले के सात ब्लैक स्पॉट- रायपुर जिले में इस समय ऐसे सात ब्लैक स्पॉट है।

इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर टाटीबंद चौक, पिंटू ढाबा से सिरीखेड़ी ओवरब्रिज कटिंग तक, मंदिरहसौद बस स्टैंड चौक तथा महात्मा गांधी सेतु महानदी पारा गांव, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर मेटल पार्क मोड़ से धनेली नाला, सिलतरा मोड़ से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सामने तक सिलतरा तथा दैनिक भास्कर प्रेस से सिंघानिया चौक तक उरला शामिल है। बैठक में टाटीबंध चौक फ्लाईओवर निर्माण की प्रगति की भी जानकारी सदस्यों ने ली।

यह आवागमन को सुरक्षित और सुगम्य बनाने के लिए गढ्ढों की मरम्मत कराने पर सहमति बनी। पिंटू ढाबा से सिरीखेड़ी ओवरब्रिज कटिंग तक स्थाई डिवाईडर बनाने की स्वीकृति की जानकारी एनएचएआई के प्रतिनिधियों द्वारा दी गई। मंदिरहसौद बस स्टैंड चौक पर बिलंकर मोड में सिग्नल लगाने पर भी बैठक में सहमति बनी।

See also  श्रीलंका: गलत आर्थिक नीतियों और भ्रष्टाचार से बदहाल हुआ खुशहाल देश, फौज भी नहीं बचा पाई राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे अपने आवास से भागे

इसी प्रकार राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर मेटल पार्क मोड़ से धनेली नाला पर दोंनो तरफ सड़क समतलीकरण कराया जाएगा। सिलतरा मोड़ से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सामने तक अस्थाई स्टॉपर लगाकर सड़क बंद की गई है। इस स्थान पर ग्रिल लगाकर स्थाई रूप से बंद करने और अंडरपास बनाने का सुझाव बैठक में दिया गया।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रेस से सिंघानिया चौक तक उरला में गति सीमा संकेतक, लाइट की व्यवस्था के साथ सावधानी रखने संबंधी बोर्ड लगवाकर वाहन चालकों को सतर्क किया जा रहा है।