खौफनाक प्लॉट का पर्दाफाश: राजकुमारियों को निशाना बनाने की साजिश, संदिग्ध के पास मिली कुल्हाड़ियां
अनादि न्यूज़ डॉट कॉम,नीदरलैंड्स में एक चौंकाने वाली साज़िश का खुलासा हुआ है, जिसने पूरे यूरोप की सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है. यहां एक 33 वर्षीय संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, जिस पर डच शाही परिवार की दो प्रमुख सदस्य-राजकुमारी कैथरीना अमालिया(22) और राजकुमारी एलेक्सिया(20)-की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. शुरुआती जांच में सामने आए सबूतों ने इस मामले को और भी भयावह बना दिया है. पुलिस को शक है कि आरोपी नाजी विचारधारा से प्रेरित है. हालांकि, अभी तक इस साजिश के पीछे के असली मकसद का पता नहीं चल पाया है. द हेग लोक अभियोजक कार्यालय के मुताबिक, आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा.
आरोपी के पास से दो कुल्हाड़ियां बरामद
जांच एजेंसियों के अनुसार, संदिग्ध के पास से दो कुल्हाड़ियां बरामद हुईं, जिन पर “एलेक्सिया”, “मोसाद” और “सीग हील” जैसे शब्द लिखे थे. “सीग हील” नाजी विचारधारा से जुड़ा अभिवादन माना जाता है, जो इस साज़िश के पीछे धुर-दक्षिणपंथी चरमपंथ की ओर इशारा करता है. इसके अलावा, आरोपी के पास से एक हस्तलिखित नोट भी मिला, जिसमें “अमालिया”, “एलेक्सिया” और “ब्लडबाथ” जैसे शब्द दर्ज थे-जो संभावित हमले की गंभीरता को दर्शाते हैं.
पहले भी राजकुमारी अमालिया के खिलाफ रची गई साजिश
भविष्य की डच रानी, राजकुमारी अमालिया पहले भी कई बार खतरों का सामना कर चुकी हैं. ड्रग गिरोहों पर उनके और पूर्व प्रधानमंत्री मार्क रुट के अपहरण की साजिश रचने का आरोप लग चुका है. सुरक्षा कारणों से उन्हें 2022 में एम्स्टर्डम में अपना हॉस्टल भी छोड़ना पड़ा था. इसके बाद उन्हें द हेग के महल में रहना पड़ा.
ड्रग माफिया और पुरानी साजिशों का साया
नीदरलैंड्स में संगठित अपराध भी शाही परिवार के लिए खतरा बन चुका है. कुख्यात ड्रग लॉर्ड रिदुआन ताघी का नाम पहले भी संभावित खतरों में जुड़ चुका है, हालांकि उसने सीधे तौर पर किसी साजिश से इनकार किया था. ‘मारेन्गो ट्रायल’ के बाद उसे उम्रकैद की सजा मिल चुकी है, लेकिन उसके नेटवर्क की पहुंच को लेकर चिंताएं अभी भी बनी हुई हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यह सिर्फ एक साजिश नहीं, बल्कि यूरोप में बदलते सुरक्षा परिदृश्य का संकेत है. राजकुमारी अमालिया ने खुद स्वीकार किया था कि सुरक्षा प्रतिबंधों ने उनकी “सामान्य जिंदगी” छीन ली है-न खुले में घूमना, न दोस्तों के साथ स्वतंत्र जीवन.
आम जिंदगी चाहती हैं राजकुमारी अमालिया
अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए अमालिया ने 2024 में गुपचुप तरीके से स्पेन के मैड्रिड में समय बिताया था. राजकुमारी अमालिया ने सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण होने वाली परेशानियों पर खुलकर बात की है. उन्होंने कहा, ‘मुझे आम जिंदगी, एक स्टूडेंट की जिंदगी की याद आती है. सड़कों पर टहलना और दुकान पर जाना.’ उनकी मां, रानी मैक्सिमा ने भी कहा है कि इन खतरों का उनकी बेटी की जिंदगी पर बहुत गहरा असर पड़ा है और वो अपनी मर्जी से बाहर नहीं निकल सकतीं.






