दिल्ली में 100 ‘ऑक्सीजन पार्क’ बनाने की तैयारी: CM रेखा गुप्ता ने की शुरुआत, प्रदूषण से निपटने की बड़ी पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिल्ली में अपनी तरह का पहला ऑक्सीजन पार्क होगा, जिसका उद्देश्य न केवल पर्यावरण को बेहतर बनाना है, बल्कि लोगों को स्वच्छ हवा और हरियाली का अनुभव कराना भी है। सरकार की योजना के मुताबिक, ऐसे 100 पार्क शहर के विभिन्न हिस्सों में विकसित किए जाएंगे। इन पार्कों में घने वृक्षारोपण के साथ ऐसे पौधे लगाए जाएंगे जो अधिक ऑक्सीजन उत्पादन और वायु गुणवत्ता सुधार में मदद करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली कई वर्षों तक एक “गैस चैंबर” जैसी स्थिति में रही, लेकिन पहले की सरकारों ने प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार पिछले एक वर्ष से प्रदूषण नियंत्रण पर सक्रिय रूप से काम कर रही है और ऑक्सीजन पार्क योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री के अनुसार, यह पहल केवल हरियाली बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संतुलन सुधारने की एक व्यापक रणनीति का हिस्सा है। सीएम ने कहा कि इन पार्कों में फलदार और घने छायादार पेड़ लगाए जाएंगे, जो न सिर्फ ऑक्सीजन प्रदान करेंगे बल्कि पक्षियों को भी आश्रय देंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे घने हरित क्षेत्र दिल्ली की आवश्यकता हैं और शहर की पर्यावरणीय स्थिति को सुधारने में मदद करेंगे।
दिल्ली हर साल बन जाती है गैस चैंबर
दिल्ली में हर साल दिवाली के बाद वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर रूप से बढ़ जाता है, जिससे राजधानी कई बार ‘गैस चैंबर’ जैसी स्थिति में पहुंच जाती है। इस दौरान कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ मौकों पर दिल्ली का AQI 500 से भी ऊपर जाकर 1000 के करीब तक दर्ज किया गया है। ऐसी स्थिति में बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए सांस लेना बेहद मुश्किल हो जाता है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ जाती हैं। प्रदूषण से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से हर साल कई कदम उठाए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इन प्रयासों को अक्सर पर्याप्त नहीं माना जाता। इसी वजह से राजनीतिक स्तर पर भी इस मुद्दे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहता है।
AAP का हमला, खर्च और काफिले को लेकर उठाए सवाल
आम आदमी पार्टी (AAP) ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार पर प्रधानमंत्री की बचत संबंधी अपील की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए तीखा तंज कसा है। बुराड़ी से विधायक और AAP के वरिष्ठ नेता संजीव झा ने आरोप लगाया कि बुराड़ी के मुखमेलपुर में एक छोटे से पार्क के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ पहुंचीं, जिससे सरकारी संसाधनों की फिजूलखर्ची हुई। उन्होंने कहा कि एक तरफ आम जनता पेट्रोल-डीजल और महंगाई की समस्या से जूझ रही है, वहीं दूसरी तरफ इस तरह के बड़े काफिलों और आयोजनों में जनता के पैसे का उपयोग किया जा रहा है। झा ने इसे सरकार का “पीआर अभियान” करार दिया। AAP नेता ने यह भी कहा कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री द्वारा कम दूरी तय करने और उसे प्रचारित करने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कई सरकारी और शैक्षणिक गतिविधियां ऑनलाइन हो सकती हैं, तो ऐसे उद्घाटन समारोह भी डिजिटल तरीके से क्यों नहीं किए जा सकते।
संजीव झा बोले- केजरीवाल सरकार की थी योजना
आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक ने दावा किया है कि मुखमेलपुर पार्क की योजना और इसकी नींव उनकी सरकार के कार्यकाल में रखी गई थी। 11 मई 2023 को तत्कालीन पर्यावरण मंत्री को पत्र लिखकर इस परियोजना की प्रक्रिया शुरू कराई गई थी। उनका कहना है कि निरीक्षण, योजना और एस्टीमेट तैयार करने का काम भी पिछली सरकार के दौरान पूरा कर लिया गया था। सरकार बदलने के बाद इस फाइल को करीब डेढ़ साल तक रोके रखा गया और अब मौजूदा सरकार इस परियोजना का उद्घाटन कर श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।


अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, दिल्ली सरकार राजधानी में बढ़ते प्रदूषण और बिगड़ते मौसमीय हालात से निपटने के लिए एक बड़ी हरित पहल की तैयारी कर रही है। इसके तहत शहर में 100 ‘ऑक्सीजन पार्क’ (Oxygen Parks) विकसित किए जाएंगे, जिनमें घने पेड़ और हरियाली को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी स्थित मुखमेलपुर गांव में बनने वाले पहले ऑक्सीजन पार्क की आधारशिला रखी। यह पार्क लगभग 3 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा।


