बंगाल की राजनीति में सनसनी: सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या पर अभिषेक बनर्जी पर BJP का आरोप
अनादि न्यूज़ डॉट कॉम : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम (बरासत क्षेत्र) में बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे बंगाल में बवाल मच गया है। बीजेपी ने इस हत्या के पीछे टीएमसी को जिम्मेदार बताया है। बीजेपी ने कहा कि बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने कराई है। वहीं मामले की जांच बीजेपी और टीएमसी ने सीबीआई से कराने की मांग की है।
वारदात पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने इस हत्या की साजिश रची है। वे यह संदेश देना चाहते हैं कि भले ही हम सत्ता में न हों, फिर भी हम आपके लिए एक ताकत हैं। उन्हें इसका जवाब जरूर मिलेगा।
बीजेपी नेता कीया घोष ने कहा कि चंद्रनाथ रथ ने भवानीपुर चुनाव में कड़ी मेहनत की, जहां शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के खिलाफ ऐतिहासिक जीत हासिल की। अब इन बातों को जोड़कर देखिए। इसीलिए मैं हमेशा कहती हूं कि टीएमसी लुटेरों और हत्यारों की पार्टी है। शुभेंदु के पीए ने इतना अथक परिश्रम किया इसलिए टीएमसी ने गुस्से, हताशा और आक्रोश में आकर उन्हें निशाना बनाया है। वहीं बीजेपी विधायक दिलीप घोष ने कहा कि टीएमसी गुटों के बीच लड़ाई चल रही है और भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हो रहा है। इस तरह घटनाएं बंद होनी चाहिए। भाजपा सत्ता में आ गई है, लेकिन सत्ता अभी हमारे हाथ में नहीं आई है। पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। असामाजिक तत्वों को रोकना होगा।
टीएमसी ने की घटना की निंदा
TMC ने घटना की निंदा करते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। पार्टी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा- हम मध्यग्राम में चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हैं। साथ ही पिछले तीन दिनों में भाजपा समर्थित उपद्रवियों द्वारा कथित तौर पर चुनावोत्तर हिंसा में तीन अन्य टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की भी निंदा करते हैं। हम इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच भी शामिल है, जिससे दोषियों की पहचान की जा सके और उन्हें बिना सजा दिलाई जा सके। लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं का कोई स्थान नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए।
टीएम सांसद सयानी घोष ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
टीएम सांसद सयानी घोष ने कहा कि चंद्रनाथ रथ के साथ हुई घटना बेहद चिंताजनक है। राजनीतिक और वैचारिक मतभेदों से परे, सत्ता में कौन है, इससे परे, हम सभी का यह दायित्व है कि हम कानून व्यवस्था बनाए रखें और इस राज्य में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करें। किसी की भी जान इस तरह नहीं जानी चाहिए।






