भिलाई-रिसाली निगम उपचुनाव निरस्त: अनावश्यक आर्थिक भार का हवाला देकर चुनाव आयोग ने लिया बड़ा फैसला
अनादि न्यूज़ डॉट कॉम , दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई नगर पालिक निगम के एक और रिसाली नगर निगम के दो वार्डों में होने वाले उपचुनाव को निरस्त कर दिया गया है। कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने इस संबंध में निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा था, जिसके बाद यह निर्देश जारी किया गया है।
रिसाली के वार्ड क्रमांक 02 रूआबांधा, वार्ड नंबर 39 पुरैना, और भिलाई के वार्ड नंबर 1 जुनवानी के पार्षद के निधन के बाद सीट खाली हुई थी। जिसके अंतर्गत 11 मई से नामांकन की प्रक्रिया और 1 जून को मतदान, वही 4 जून को मतगणना होनी थी। लेकिन यह चुनाव महज पांच महीनों के लिए होता, क्योंकि दोनों निगम का कार्यकाल जनवरी 2027 में समाप्त होने जा रहा है, जिसकी वजह से इसी साल दिसंबर में दोनों ही नगर निगम में नगरीय निकाय चुनाव प्रस्तावित है।
महज पांच माह की अल्प अवधि के लिए होने वाले इस चुनाव से शासन के धन और संसाधन और प्रशासनिक तंत्र पर पड़ने वाले अनावश्यक आर्थिक भार को लेकर कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा था, जिसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर दुर्ग जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने तीनो वार्डों के उपचुनाव निरस्त कर दिया है।






