₹500 में लड़की का सौदा, फ्लैट में अश्लील वीडियो कांड: अमरावती स्कैंडल में चौंकाने वाले खुलासे
अनादि न्यूज़ डॉट कॉम महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा में दिल दहला देने वाला सेक्स स्कैंडल सामने आया है. पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को दबोच लिया है और 8 पीड़ितों की पहचान की जा चुकी है. IPS शुभम कुमार के नेतृत्व में गठित 47 सदस्यीय SIT इस मामले की तह तक जाकर वीडियो वायरल करने वालों और कमरे के मालिक पर शिकंजा कस रही है. जांच प्रभावित न हो, इसलिए 6 पुलिसकर्मियों को भी पद से हटा दिया गया है.
अमरावती के परतवाड़ा में युवतियों के यौन शोषण और वीडियो वायरल करने वाले संगठित रैकेट का पर्दाफाश हुआ है. मामले में अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जिन्होंने फ्लैट में दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की बात कबूली है.
यह मामला केवल एक व्यक्ति की सनक तक सीमित नहीं है, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है. आरोपी अहमद अयान का एक सहयोगी भी इस घिनौने खेल में शामिल था. बताया जा रहा है कि इस सहयोगी को प्रति लड़की करीब 500 रुपये दिए जाते थे, ताकि वह युवतियों को बरगलाकर फ्लैट तक पहुंचा सके. पुलिस को संदेह है कि इस फ्लैट में कई और युवतियों का शोषण हुआ है, जिसकी कड़ियां अब जोड़ी जा रही हैं.
इस मामले में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस महकमे के भीतर भी हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मुख्य आरोपी अहमद अयान अमरावती के कठोरा नाका इलाके में स्थित एक रिहायशी इमारत की तीसरी मंजिल पर एक फ्लैट का इस्तेमाल वारदात के लिए करता था. जांच के अनुसार, भोली-भाली युवतियों को फुसलाकर इस फ्लैट में लाया जाता था, जहां उनके साथ दुष्कर्म कर छिपकर आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाते थे. बाद में इन वीडियो का उपयोग युवतियों को ब्लैकमेल करने और उन्हें चुप रहने पर मजबूर करने के लिए किया जाता था.
मामले की गंभीरता और जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से कंट्रोल रूम (नियंत्रण कक्ष) में अटैच कर दिया गया है. हटाए गए पुलिसकर्मियों में सलीम शेख, अब्दुल नाजिम, शुभम वर्मा, मयूर गुरव, मोहन वावरे और पुरुषोत्तम बावनेर के नाम शामिल हैं.
कोर्ट ने उजेर खान इकबाल खान, तरबेज खान तस्लीम खान और मोहम्मद साद मोहम्मद सादिक समेत अन्य आरोपियों को 21 तारीख तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. आरोपी उजेर खान ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि उसने आपत्तिजनक वीडियो मोहम्मद साद को भेजे थे, जिससे वीडियो वायरल करने के संगठित नेटवर्क की पुष्टि होती है. जांच के दौरान पुलिस को अब तक 18 अश्लील वीडियो और 39 फोटो मिले हैं.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस रैकेट में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां संभव हैं. फिलहाल, पुलिस उन पीड़ित युवतियों की पहचान और काउंसलिंग में जुटी है जो इस गिरोह का शिकार बनी हैं, ताकि उन्हें न्याय दिलाया जा सके.






