एमपी में भीषण सड़क हादसा: नर्मदापुरम में मालवाहक और बाराती वाहन की टक्कर में 5 की मौत, गांव में पसरा मातम 🚨
अनादि न्यूज़ डॉट कॉम नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश में रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। प्रदेश के नर्मदापुरम के माखननगर थाना क्षेत्र में देर रात एक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। बताया जाता है कि सभी मृतक कार टवेरा वाहन से बारात से लौट रहे थे। सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
देर रात करीब 2 बजे की घटना
दरअसल माखन नगर के महेंद्रवाढ़ी ग्राम के रहने वाले बाराती देर रात करीब 2 बजे बुधनी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आचलखेड़ा गांव के समीप उनकी टवेरा गाड़ी अनियंत्रित होकर सामने चल रही ट्राली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टवेरा के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुची। अंधेरा और वाहन की बुरी हालत के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर घटना की जांच शुरू कर दी है। एक साथ 5 ग्रामीणों की मौत से गांव में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे का कारण रात के समय चालक को झपकी आना माना जा रहा है, जिसकी पुष्टि पुलिस तफ्तीश के बाद होगी।






