अनादि न्यूज़

सबसे आगे सबसे तेज

देश

भारत की संप्रभुता पर आंख उठाने वाले शत्रु का नाश कर देगा ‘त्रिशूल’

अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, बेंगलुरू: सोमवार को बेंगलुरू में ‘एयरो इंडिया 2025’ का आगाज हो गया। यहां विश्व के 26 देशों के रक्षा मंत्रियों के समक्ष भारत के लड़ाकू विमानों ने सोमवार को अपनी क्षमता व शक्ति का जबरदस्त प्रदर्शन किया। ‘एयरो इंडिया 2025’ के दौरान एयर शो आयोजित किया गया। एयर शो में तेजस, सुखोई, राफेल व जगुआर जैसे विमानों की गर्जना से बेंगलुरू का आसमान गूंज उठा। भारतीय रक्षा पंक्ति के अग्रणी विमान सुखोई ने यहां बेंगलुरू के महादेव को प्रणाम करते हुए एयर शो में त्रिशूल फॉर्मेशन में उड़ान भरी। तीन सुखोई विमानों ने मिलकर यह फॉर्मेशन बनाया।
यह उड़ान इस बात की प्रतीक है कि यदि भारत की संप्रभुता पर कोई आंख उठाएगा तो यह त्रिशूल उसका नाश कर देगा। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, तीनों सेनाओं के प्रमुख, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार व कई देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। भारत में बने और भारत में ही डिजाइन किए गए एलयूएच हेलीकॉप्टर ने एयर शो में विदेशी मेहमानों को आकर्षित किया।
इस मौके पर स्वयं वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने भी फाइटर जेट में उड़ान भरी। एयर शो की शुरुआत तीन भारतीय हेलीकॉप्टरों द्वारा ध्वज फ़ार्मेशन के साथ हुई। इसके तुरंत बाद वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। उनके साथ दो और विमान भी थे। वायुसेना प्रमुख ने इन विमानों के साथ मिलकर तेजस फॉर्मेशन में उड़ान भरी।
भारतीय वायुसेना की फाइटर पायलट फ्लाइट लेफ्टिनेंट शिवांगी सिंह ने बेंगलुरु के येलहंका वायु सेना स्टेशन पर ‘शक्ति फॉर्मेशन’ का नेतृत्व किया। वह राफेल लड़ाकू विमान में सवार थी और उन्होंने यहां भारत की नारी शक्ति का प्रदर्शन किया। ‘शक्ति फॉर्मेशन’ में एक राफेल और दो सुखोई लड़ाकू जेट शामिल रहे। सभी विमानों की कमान महिला पायलटों के हाथों में थी। गौरतलब है कि फ्लाइट लेफ्टिनेंट शिवांगी सिंह भारत में राफेल लड़ाकू विमान उड़ाने वाली पहली और एकमात्र महिला पायलट हैं। एयर शो के दौरान द्रोण फॉर्मेशन में भारतीय डोनियर विमान नजर आए। इसके अलावा भारत के मार्क वन अल्फा विमान ने यहां आए विदेशी मेहमानों के समक्ष सबसे अधिक एयरोबैटिक करतब दिखाए। यह भारत में निर्मित सबसे आधुनिक स्वदेशी विमान है। इस भारतीय फाइटर जेट को खरीदने के लिए अभी तक कई देशों ने दिलचस्पी दिखाई है।

 
 

See also  2000 Note Exchange: क्या आप भी 2000 का नोट बदलवाने जाएंगे, जानिए 2 हजार के नोट बदलने के लिए क्या करना होगा?