मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक से पहले संकट मोचन दरबार पहुंचे CM योगी, शाह समेत कई मुख्यमंत्री होंगे शामिल

वाराणसी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को काशी पहुंचे. सोमवार को उन्होंने ‘काशी कोतवाल’ काल भैरव का दर्शन-पूजन किया था. मंगलवार की सुबह काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर मुख्यमंत्री ने गर्भगृह में षोडशोपचार पूजन कर लोक कल्य़ाण की कामना की. मुख्यमंत्री ने मंगलवार की सुबह संकट मोचन मंदिर पहुंचकर हनुमान जी के चरणों में भी हाजिरी लगाई. उन्होंने यहां भी विधि विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान कैबिनेट मंत्रियों के साथ विधायक भी मौजूद रहे.बता दें कि मंगलवार यानी 24 जून को मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक होटल ताज में है. इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहेंगे.
गोरक्षपीठाधीश्वर ने 16 जून को भी किया था बाबा का दर्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसके पूर्व 16 जून (सोमवार) को काशी पहुंचे थे. उन्होंने मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक की तैयारियों की समीक्षा भी की थी. गोरक्षपीठाधीश्वर ने उस दिन भी बाबा विश्वनाथ के चरणों में हाजिरी लगाई थी. इस दौरान उन्होंने पूरे विधि- विधान से पूजा-अर्चना की थी.




