अनादि न्यूज़ डॉट कॉम : दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI Airport) पर कस्टम विभाग (Customs Department) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा (मारिजुआना) (Hydroponic Cannabis)की खेप जब्त की है। बरामद की गई इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 48 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, यह हाल के समय में एयरपोर्ट पर की गई सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक है। कार्रवाई के दौरान बैंकॉक से आए 2 थाई नागरिकों को गिरफ्तार भी किया गया है। कस्टम विभाग को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद यात्रियों की निगरानी और जांच को तेज किया गया। इसी दौरान संदिग्ध लगेज की जांच में बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई 22 मई 2026 को उस समय हुई जब बैंकॉक से फ्लाइट AI-2356 के जरिए दिल्ली पहुंचे दो थाई नागरिकों पर पहले से ही शक था। दोनों यात्रियों की गतिविधियों को संदिग्ध मानते हुए उन पर नजर रखी जा रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों यात्री ग्रीन चैनल पार कर एयरपोर्ट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी प्रोफाइलिंग और संदिग्ध व्यवहार के आधार पर कस्टम अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उनकी विस्तृत जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। यह हाइड्रोपोनिक गांजा हाल के समय में सबसे महंगी और हाई-ग्रेड ड्रग्स में गिना जाता है।
जांच के दौरान अधिकारियों ने दोनों यात्रियों के बैग की गहन तलाशी ली, जिसमें कुल 6 वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए। इनमें हाइड्रोपोनिक वीड को बेहद चालाकी से छिपाकर लाया जा रहा था। कस्टम विभाग के अनुसार, एक यात्री के बैग से करीब 29 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जबकि दूसरे यात्री के सामान से लगभग 19 किलोग्राम मादक पदार्थ मिला। कुल मिलाकर 47.805 किलोग्राम ड्रग्स जब्त की गई है।
कीमत करीब 48 करोड़ रुपए
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाइड्रोपोनिक गांजा (मारिजुआना) की खेप की कीमत करीब 48 करोड़ रुपये आंकी गई है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप किसी हाई-प्रोफाइल ड्रग नेटवर्क के लिए भारत लाई जा रही थी। अधिकारियों का मानना है कि यह एक संगठित अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का हिस्सा हो सकता है। फिलहाल दोनों विदेशी नागरिकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कस्टम विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि दिल्ली में इस खेप को किसे डिलीवर किया जाना था और इसके पीछे कौन सा अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट सक्रिय है।
अहमदाबाद एयरपोर्ट से भारतीय गिरफ्तार
अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (SVPIA) पर सीमा शुल्क विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया है। सीमा शुल्क अधिकारियों के अनुसार, एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने संदिग्ध यात्री के सामान की जांच की, जिसमें वैक्यूम-सील्ड पैकेटों में छिपाकर रखा गया कुल 20.366 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) से मिली विशेष खुफिया जानकारी और यात्रियों की प्रोफाइलिंग के आधार पर की गई। 20 और 21 मई की दरमियानी रात को यह ऑपरेशन चलाया गया।
19 वैक्यूम-सील्ड पैकेट बरामद
जानकारी के अनुसार, आरोपी यात्री उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का निवासी है और वह थाई एयरवेज की फ्लाइट TG-343 से बैंकॉक से अहमदाबाद पहुंचा था। संदिग्ध गतिविधियों और प्रोफाइलिंग के आधार पर उसे जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान यात्री के ट्रॉली बैग से कुल 19 वैक्यूम-सील्ड पैकेट बरामद हुए, जिनमें हरे रंग के सूखे पौधे जैसे पदार्थ को छिपाकर रखा गया था। प्रारंभिक फील्ड टेस्ट में इस पदार्थ की पहचान गांजे के रूप में हुई। कुल मिलाकर 20.366 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिसे नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (NDPS) अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर लिया गया है।
कीमत करीब 20 करोड़ रुपए
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (NDPS) अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) और DRI से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी। जब्त किए गए प्रतिबंधित मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है। शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि यह खेप किसी संगठित और संभावित सीमा पार ड्रग नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है।






