अनादि न्यूज़

सबसे आगे सबसे तेज

ट्रेंडिंग दिल्ली

दिल्ली में नकली OPPO-OnePlus मोबाइल बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी गई, दो आरोपी गिरफ्तार या

अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, राजधानी दिल्ली में नकली मोबाइल उत्पादों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित फर्जी एक्सेसरीज और पैकेजिंग रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि करोल बाग और मोती नगर इलाके में चल रहे दो गोदाम और एक फैक्ट्री सील कर दी गई है।

क्राइम ब्रांच की AGS यूनिट को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नामी मोबाइल कंपनियों के नाम पर नकली सामान तैयार कर बाजार में असली ब्रांड बताकर बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने करोल बाग के रेघरपुरा इलाके में छापेमारी की। यहां मौजूद दो गोदामों से भारी मात्रा में OPPO, OnePlus और Realme ब्रांड के फर्जी मोबाइल एक्सेसरीज, पैकेजिंग सामग्री और ब्रांडिंग से जुड़ा सामान बरामद किया गया।

जांच में सामने आया कि गोदामों में मशीनों की मदद से नकली मोबाइल उत्पादों की पैकेजिंग की जा रही थी, ताकि उन्हें असली कंपनी का माल दिखाकर बाजार में उतारा जा सके। इसके बाद पुलिस ने मोती नगर स्थित एक फैक्ट्री पर भी कार्रवाई की, जहां इन कंपनियों के नाम से नकली पैकेजिंग बॉक्स तैयार किए जा रहे थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर दिया और वहां लगी आठ मशीनों को जब्त कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक, यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय हो सकता है और इसके जरिए बड़े स्तर पर नकली सामान सप्लाई किया जा रहा था।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा इसका नेटवर्क दिल्ली समेत किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

See also  देश में अंग्रेजी बोलने वालों को अपने ऊपर आएगी शर्म’, भाषा विवाद के बीच गृहमंत्री अमित शाह ने ऐसा क्यों कहा?