अनादि न्यूज़

सबसे आगे सबसे तेज

ट्रेंडिंग देश विदेश

मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला : निजी ज्योतिषी बने OSD, CM ऑफिस में मिली पोस्टिंग

मुख्यमंत्री कार्यालय में नई नियुक्तियों का दौर

मुख्यमंत्री विजय के कार्यभार संभालने के बाद से ही सीएम ऑफिस में प्रशासनिक फेरबदल और नई नियुक्तियों का सिलसिला जारी है। हाल ही में प्रधान सचिव-1 और प्रधान सचिव-2 के पदों पर भी नई नियुक्तियां की गई थीं। इसी क्रम में अब रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल को राजनीतिक OSD बनाया गया है। सूत्रों के अनुसार, वेट्रिवेल मुख्यमंत्री विजय के बेहद करीबी माने जाते हैं और पिछले कई वर्षों से उनके निजी सलाहकार के रूप में जुड़े हुए हैं।

सात वर्षों से विजय के भरोसेमंद सलाहकार

बताया जाता है कि रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल पिछले करीब सात वर्षों से विजय के निजी ज्योतिषी हैं। फिल्मी करियर से लेकर पारिवारिक और राजनीतिक फैसलों तक, विजय कई अहम विषयों पर उनसे सलाह लेते रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा रही कि राजनीति में आने से पहले विजय ने वेट्रिवेल से लंबी बातचीत की थी। कहा जाता है कि उनकी सहमति मिलने के बाद ही विजय ने अपनी पार्टी टीवीके (TVK) का गठन किया और चुनावी मैदान में उतरने का फैसला लिया।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में निभाएंगे अहम भूमिका

OSD (Political) बनने के बाद वेट्रिवेल मुख्यमंत्री के साथ हर महत्वपूर्ण कार्यक्रम और राजनीतिक गतिविधि में मौजूद रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के भाषणों और सार्वजनिक कार्यक्रमों की सामग्री भी पहले उनके पास जाएगी, जिसे वे देखेंगे और फिर मुख्यमंत्री को सौंपेंगे। इस नियुक्ति के बाद उनकी राजनीतिक और प्रशासनिक भूमिका पहले से कहीं अधिक मजबूत मानी जा रही है।

See also  कैबिनेट बैठक 3.0 कुछ देर में हो सकता है मंत्रालय का बटवारा

विष्णु रेड्डी और वेट्रिवेल- विजय के दो करीबी चेहरे

मुख्यमंत्री विजय के करीबी सहयोगियों में विष्णु रेड्डी का नाम भी प्रमुखता से लिया जाता है। बताया जाता है कि विजय अपने कई राजनीतिक फैसलों में विष्णु रेड्डी से सलाह लेते हैं, जबकि पार्टी के रणनीतिक और संवेदनशील मामलों में वेट्रिवेल की भी अहम भूमिका रहती है। इसी भरोसे और प्रभाव के आधार पर उन्हें अब सरकारी स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

जयललिता से भी जोड़ा जाता रहा है नाम

तमिलनाडु की राजनीति में राधन पंडित वेट्रिवेल का नाम नया नहीं है। राज्य की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां उनसे सलाह लेती रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता को लेकर भी लंबे समय से यह चर्चा रही है कि वे कई अहम फैसले ज्योतिषीय सलाह के बाद ही लिया करती थीं। वेट्रिवेल सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को ज्योतिष और अंकशास्त्र संबंधी सलाह देते रहे हैं।

40 वर्षों का अनुभव, अब राजनीति में नई भूमिका

ज्योतिष और अंकशास्त्र के क्षेत्र में लगभग चार दशक का अनुभव रखने वाले वेट्रिवेल ने चुनाव से पहले विजय की भारी जीत की भविष्यवाणी की थी। उन्होंने दावा किया था कि “विजय के नाम की सुनामी आने वाली है”, जो चुनाव परिणामों के बाद चर्चा का विषय बन गया। तिरुचेंदूर मंदिर यात्रा के दौरान विजय और वेट्रिवेल की एक साथ कार यात्रा भी काफी सुर्खियों में रही थी। वहीं चुनाव परिणाम आने के बाद वेट्रिवेल ने व्यक्तिगत रूप से विजय के आवास पहुंचकर उन्हें गुलदस्ता भेंट कर जीत की बधाई दी थी।

राजनीतिक हलकों में तेज हुई बहस

मुख्यमंत्री के निजी ज्योतिषी को सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय में राजनीतिक OSD बनाए जाने के फैसले ने तमिलनाडु की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। समर्थक इसे मुख्यमंत्री का निजी विश्वास और रणनीतिक निर्णय बता रहे हैं, जबकि विपक्ष इस नियुक्ति को लेकर सवाल उठा सकता है।

See also  पेट में जहरीली गैस बनने से हुई हिरण की मौत, फटे पेट से निकला अंडरवियर सहित 7 किलो कचरा...