NEET UG 2026: परीक्षा रद्द होने के बाद NTA ने खोला फीस रिफंड पोर्टल, 27 मई तक आवेदन का मौका
अनादि न्यूज़ डॉट कॉम : नीट यूजी परीक्षा-2026 का पेपर लीक होने के बाद छात्रों को राहत देते हुए एनटीए (NTA) ने फीस रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने छात्रों के फीस रिफंड के लिए आधिकारिक रिफंड पोर्टल खोला है। उम्मीदवार पोर्टल के माध्यम से फीस रिफंड के लिए ऑनलाइन आवेदन करेंगे।
फीस रिफंड के लिए प्रक्रिया 22 मई से शुरू हो चुकी है और छात्र 27 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। एनटीए ने साफ कहा है कि फीस वापसी की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और रिफंड की राशि सीधे उम्मीदवारों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
जिन छात्रों ने परीक्षा के लिए आवेदन फीस जमा किया था वो अब ऑनलाइन रिफंड के लिए आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को 27 मई 2026 से पहले अपनी बैंक डिटेल्स जमा करनी होंगी. निर्धारित समय के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। फीस वापसी की सुविधा केवल उन्हीं उम्मीदवारों को मिलेगी, जिन्होंने NEET UG 2026 के लिए सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन किया था और आवेदन फीस जमा की थी। अधूरी आवेदन प्रक्रिया वाले उम्मीदवार इस सुविधा के पात्र नहीं होंगे।
ऐसे भरें बैंक डिटेल्स
रिफंड प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं। वहां NEET 2026 Refund Portal लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद आवेदन संख्या और पासवर्ड या जन्मतिथि के जरिए लॉग इन करें। लॉग इन करने के बाद बैंक खाता संख्या, IFSC कोड और बैंक का नाम सही तरीके से भरना होगा। जरूरत पड़ने पर रद्द चेक की कॉपी भी अपलोड करनी पड़ सकती है। अंत में फॉर्म सबमिट करके कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें।
पोर्टल पर आ रही तकनीकी दिक्कतें
भारी संख्या में छात्र पोर्टल पर विजिट कर रहे हैं, जिसके कारण कई लोगों को लॉग इन एरर, OTP आने में देरी और सर्वर स्लो जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। एनटीए ने छात्रों को सलाह दी है कि वो अपडेटेड ब्राउजर का उपयोग करें और कन्फर्मेशन पेज का स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें। साथ ही फर्जी वेबसाइट और अनऑफिशियल रिफंड मैसेज से सावधान रहने को कहा गया है।
फीस रिफंड के लिए इस तरह करें अप्लाईः-
- आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
- NEET 2026 Refund Portal लिंक पर क्लिक करें।
- आवेदन संख्या और पासवर्ड या जन्मतिथि के जरिए लॉग इन करें।
- बैंक खाता संख्या, IFSC कोड और बैंक का नाम भरें।
- अंत में फॉर्म सबमिट करके कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें।






