निर्माणाधीन मकान में 2 महिलाओं समेत 4 की संदिग्ध मौत, सुबह मिस्त्री ने देखे शव; इलाके में सनसनी

अनादि न्यूज़ डॉट कॉम जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम भवंतरा में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी सुबह उस समय सामने आई जब निर्माणाधीन मकान पर कार्य पर पहुंचे एक मिस्त्री ने चारों को खाट पर बेसुध हालत में पड़ा देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया है, जो मृतकों का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग नए मकान के निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और वहीं अस्थायी रूप से ठहरे हुए थे।

घटना की सूचना मिलते ही सरपंच राजाराम कश्यप ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल चारों की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस संदेही से पूछताछ कर रही है। वहीं इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकठ्ठा हो गई है। घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।





