“बचने का नहीं मिला मौका: पुलिस ने 1.65 करोड़ की शराब जब्त, तस्करी का बड़ा खेल किया नाकाम”
अनादि न्यूज़ डॉट कॉम चंदौली. अलीनगर पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. वाराणसी-चंदौली मार्ग पर सिंधीताली पुल के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 9031 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई. इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 65 लाख रुपये है.
बता दें कि पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक और सर्विलांस इनपुट से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में शराब की यह खेप बिहार भेजी जा रही है. सूचना के आधार पर अलीनगर थाना प्रभारी शरद गुप्ता के नेतृत्व में स्वाट व सर्विलांस टीम ने सिंधीताली पुल के पास घेराबंदी की. संदिग्ध ट्रक संख्या RJ14GN7944 को रोकने का इशारा करने पर चालक ने रफ्तार बढ़ाकर पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को घेरकर रोक लिया.
ट्रक की तलाशी में लकड़ी के बुरादे के नीचे छिपाकर रखी कुल 932 पेटियों में शराब मिली. बरामद शराब में किंगफिशर 500 ML की 250 पेटी, रॉयल स्टैग 180 ML की 148 पेटी, 750 ML की 99 पेटी, 375 ML की 89 पेटी, इम्पीरियल ब्लू 750 ML की 150 पेटी, 180 ML की 149 पेटी और ऑल सीजन 750 ML की 47 पेटी शामिल हैं. मौके से राजस्थान निवासी एक तस्कर जगदीश लोहार (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपी जगदीश लोहार, निवासी नाथद्वारा, जिला राजसमंद, राजस्थान ने पूछताछ में बताया कि वह पंजाब से सस्ती शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता था. बिहार में पूर्ण शराबबंदी के कारण उसे मोटा मुनाफा होता था. आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि खेप पहुंचाने के लिए उसने पुलिस पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की थी.
थाना अलीनगर में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 318, 319 और आबकारी अधिनियम 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है. इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.






